क्षेत्र के रक्कड़ कॉलोनी में पुलिस ने पंजाब निवासी दो युवकों को 6.90 ग्राम हेर्रोन के साथ पकड़ा है। आरोपियों की पहचान पंजाब के रोपड़ जिले के तहत घनौली निवासी मनदीप सिंह और मोगा निवासी इंद्रजीत सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इतनी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर दोनों युवक कहां जा रहे थे, क्या किसी को सप्लाई दी जाने की तैयारी थी। इस पर पुलिस ने आगामी जांच शुरू कर दी है।
गौर हो कि ऊना में पिछले एक अरसे से पंजाब सीमा से हेरोइन समेत अन्य नशों की खेप यहां पहुंचाई जा रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने बुधवार को रक्कड़ कॉलोनी के नजदीक रेन शेल्टर के पास नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान मैहतपुर की तरफ से बिना नंबर की एक स्कूटी आई, जिस पर दो युवक सवार थे। जिसे पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। लेकिन, स्कूटी सवार युवक पीछे मुड़ कर भाग खड़े हुए। पुलिस ने युवकों का पीछा किया और उन्हें दबोच लिया। स्कूटी की डिग्गी को खोल कर चेक करने पर उसमें 6.90 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। इस संबंध में स्कूटी चालक मनदीप और पीछे बैठे इंद्रजीत सिंह के खिलाफ धारा 12 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौर हो कि पुलिस ने बीते दिनों शहर के एक युवक को हेरोइन के साथ पकड़ा था।
एसपी, अनुपम शर्मा ने बताया कि हेराइन सहित दो युवकों को पकड़ा है। जिनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।