अंबाला में माल लोड कर वापसी में ट्रक के सहायक चालक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ट्रक आपरेटर यूनियन अंब का एक ट्रक माल लेकर रोहतक गया था।
जहां से उक्त ट्रक पंजाब के खन्ना के लिए माल लेकर गया और वहां से हरियाणा के अंबाला के लिए। ट्रक चालक के मुताबिक हरियाणा में शंभू बैरियर के पास उसके साथ गए सहायक चालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस पर ट्रक चालक सोनू ने ट्रक के मालिक को इस बारे में सूचित किया।
ट्रक मालिक ने उसे ट्रक अंब ले आने को कहा। ट्रक चालक सोनू के अनुसार उसने बीमार सहायक चालक को दवा भी दिलवाई थी और ट्रक में पीछे आराम करने को कहा था।
लेकिन जब वह उपमंडल अंब के तहत चुरड़ू के निकट पहुंचा तो उसने पाया कि सह चालक 27 वर्षीय राहुल निवासी संघरोटा योल जिला कांगड़ा की मौत हो चुकी थी।
उधर, अंब के डीएसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।