क्षेत्र के ग्रामीण सुविधा केंद्र में ताला तोड़कर शातिरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना में अंदर रखे दो कंप्यूटर, फिंगरप्रिंट डिवाइस सहित अन्य कीमती सामान चोरी हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा भी लिया है।
जानकारी के अनुसार नंगल स्थित ग्रामीण सुविधा केंद्र में तैनात कर्मी तेजिंद्र सिंह रोजाना की तरह बीते रोज सायं पांच बजे केंद्र को ताला लगाने के बाद घर चला गया था। लेकिन, जब वह वीरवार सुबह आया तो देखा कि केंद्र के दरवाजे पर लगा हुआ ताला टूटा हुआ है। जब अंदर गया तो देखा कि अंदर से दो कंप्यूटर, फिंगर प्रिंट डिवाइस आदि गायब थे। इस पर उसने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के बयान भी कलमबद्ध कर लिए हैं। उधर, थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाओं में इजाफा हो रहा है।