उपमंडल अंब के भैरा में एक चलती एसयूवी गाड़ी का टायर खुलने से दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है जहां घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा इतना जबरदस्त था कि फॉरचूनर गाड़ी के परखचे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, वीरवार देर रात आकाश सेठी निवासी दिल्ली अपने दोस्त नरेश कुमार निवासी दिल्ली के साथ अपनी एसयूवी गाड़ी में धर्मशाला जा रहे थे कि भैरा के पास गाड़ी का अगला टायर खुल गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर 70 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
इससे गाड़ी में सवार दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हालांकि, गाड़ी में एयर बैग खुलने से दोनों युवकों का काफी बचाव हुआ। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से ऊना अस्पताल पहुंचाया। डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।