हरोली उपमंडल के गोंदपुर जयचंद में वन विभाग की टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने तीन मोबाइल रिकवर कर लिए हैं। जबकि, एक मोबाइल अभी बरामद करना बाकी है। रिकवर किए गए मोबाइलों में एक आरओ राजेश कुमार, आरओ के ड्राइवर रमेश और बसाल बीट के गार्ड संदीप कुमार का है। इसके अलावा पुलिस ने अवैध कटान में इस्तेमाल किए गए एक बड़ा आरा, कुल्हाड़ी और दराट भी बरामद किए हैं।
वहीं, पुलिस ने मामले में संलिप्त तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पहचान रसीद दीन निवासी गोंदपुर जयचंद के रूप में हुई। इसे अदालत में पेश किया गया, जहां 27 फरवरी तक उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी जारी है। इससे पहले दो आरोपी मुश्ताक एवं अली बख्श पुलिस रिमांड पर चल रहे थे। गौरतलब है कि बीते दिनों गुप्त सूचना पर गोंदपुर जयंचद में छापामारी करने गई वन विभाग की टीम पर वन काटुओं ने पथराव कर दिया था।
हमलावरों में मुख्य आरोपी अली बख्श के साथ अन्य कई लोग शामिल थे। इनमें पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। लेकिन, अभी तक हरोली पुलिस इस मामले में केवल एक ट्रक चालक नंगल कलां निवासी मुश्ताक उर्फ गामा और मुख्य आरोपी अली बख्श तथा रसीद दीन को ही दबोच सकी है। वारदात के समय लकड़ी तस्करी रोकने वाले वन विभाग के रेंजर राजेश कुमार, डिप्टी रेंजर पवन कुमार और फॉरेस्ट गार्ड्स पर रॉडों, लाठियों और पत्थरों से हमला किया गया था। इसमें डिप्टी रेंजर पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात के दौरान ही हमलावर वन कर्मियों के मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए थे। थाना हरोली के एसएचओ बिन्नी मिन्हास ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जल्द अन्य आरोपी भी हिरासत में लिए जाएंगे।