क्षेत्र के सैंसोवाल में 35 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई है। महिला की पहचान उर्मिला देवी निवासी सैंसोवाल के रूप में हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने महिला के परिजनों के भी बयान दर्ज किए है। हालांकि अभी तक महिला के जहर खाने के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक सैंसोवाल निवासी उर्मिला देवी ने शुक्रवार सुबह अचानक कोई जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।
आनन-फानन में परिजन महिला को क्षेत्रीय अस्पताल लेकर रवाना हुए लेकिन महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। डीएसपी हरोली अमित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि महिला के शव का ऊना अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।