अात्महत्या मामले में छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव डंगोली में एक व्यक्ति ने कुएं में कूद कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान शिंगारा (42) निवासी डंगोली के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला।
वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। बताया जा रहा है कि शिंगारा पिछले कई दिन से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसका कोई भाई-बहन नहीं है और कुछ वर्ष पहले ही माता-पिता की भी मृत्यु हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर शाम डंगोली स्थित एक कुएं में शिंगारा ने अचानक छलांग लगा दी। इसी दौरान खेतों में घास काट रही एक महिला ने जोरदार चिल्लाने की आवाज सुनी तो महिला कुएं के पास पहुंची। महिला ने देखा कि शिंगारा कुएं में डूब रहा है। महिला ने आनन-फानन में इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
ग्रामीणों ने व्यक्ति को कुएं से निकालने के काफी प्रयास किए लेकिन तब तक शिंगारा की मौत हो चुकी थी। इसके बाद लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।