क्षेत्र के पंडोगा बैरियर पर नाके के दौरान पुलिस ने एक पिकअप गाड़ी से 108 टीन बिरोजा के पकड़ने में सफलता हासिल की है। बिरोजा हमीरपुर से अवैध रूप से तस्कर कर पंजाब के होशियारपुर ले जा रहा था। पुलिस ने मामले के संदर्भ में चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पंडोगा बैरियर पर हेड कांस्टेबल सरताज सिंह, कांस्टेबल दिलजीत सिंह संधू और अंकुश कुमार वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान हमीरपुर से होशियापुर जा रही एक पिकअप गाड़ी को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया। लेकिन, चालक ने गाड़ी को मौके से भाग लिया। हेड कांस्टेबल सरताज सिंह और कांस्टेबल दिलजीत ने गाड़ी का पीछा कर वनखड़ी के पास गाड़ी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर गाड़ी में 108 टीन बिरोजा बरामद हुआ। चालक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया।
एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि मामले के संदर्भ में पुलिस ने गाड़ी चालक रमेश चंद निवासी बड़सर, हमीरपुर के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।