स्टेट बैंक ऑफ इंडिया चिंतपूर्णी शाखा की खाता धारक महिला एटीएम ठगी का शिकार हुई है। शातिर ने महिला को बैंक कर्मचारी होने का हवाला देते हुए एटीएम पिन जानकर 4400 रुपये का चूना लगाया है।
हालांकि स्थानीय बैंक शाखा कर्मचारी की सूझबूझ के चलते महिला की 30 हजार रुपये की ठगी होने से बच सकी। जानकारी के अनुसार चिंतपूर्णी के सुकार निवासी रीति देवी ने बताया कि उसे दूरभाष पर किसी ने खुद को बैंक का अधिकारी बताया और निरीक्षण के लिए एटीएम का पिन पूछा। महिला ने शातिर की बातों के आकर अपने एटीएम का पिन बता दिया।
पिन बताने के कुछ देर बाद ही महिला के खाते से 4400 रुपये की रकम निकाल ली गई। महिला के खाते में मात्र 3 रुपये ही बचे। इससे अगले दिन महिला के पति ने उसके खाते में 30 हजार रुपये डलवाए। इस दौरान महिला बैंक में गई थी।
महिला ने ड्यूटी पर तैनात बैंक कर्मी अंजू कालिया को अपने पिन नंबर बताने के बारे में कहा तो बैंक कर्मी ने उनके अकाउंट से 4400 रुपये की राशि निकलने की पुष्टि की तथा तुरंत अपनी सूझबूझ से महिला का एटीएम ब्लॉक कर दिया।
जिससे उस महिला को और चपत नहीं लग पाई। उधर, बैंक में तैनात कर्मी अंजू ने कहा कि एटीएम धारक अपना पिन हमेशा ही गोपनीय रखें। उन्होंने कहा कि बैंक कभी भी किसी प्रकार का फोन कर पिन नहीं पूछता। हमेशा इन जालसाजों से सतर्क रहें।