चताड़ा में एक विवाहिता के साथ दहेज में गाड़ी की मांग को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। विवाहिता का आरोप है कि ससुरालियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पीड़ित विवाहिता का पति शादी के दो माह बाद ही दोहा कतर चला गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के निकटवर्ती गांव चताड़ा की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि 14 फरवरी को रात के समय उसकी सास और जेठानी तथा ननद ने उसके साथ मारपीट की तथा जहरीली दवाई पिलाकर उसे जान से मारने की कोशिश भी की। विवाहिता का आरोप है कि उसके पति ने भी उसे मारने की धमकी दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसका पति दहेज की मांग को लेकर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। लड़की के पिता निवासी गांव रोडी कोड़ी तहसील डाडासीबा जिला कांगड़ा ने बताया कि सुसराल पक्ष उनसे दहेज की मांग कर रहा है। उनके दामाद ने धमकी दी है कि यदि उन्होंने दहेज और गाड़ी न दी तो वह उनकी लड़की को मार कर लाश उनके घर भेज देंगे। पीड़िता के पिता ने बताया कि 14 फरवरी की रात उनकी बेटी के साथ ससुराल में हुई मारपीट की वारदात में उनकी बेटी का गला दबाकर मारने की कोशिश की गई है। इसके अलावा विवाहिता को नशीली दवाई खिलाकर भी मारने की कोशिश की है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित विवाहिता की शिकायत के आधार पर आरोपी सास, ननद और जेठानी के खिलाफ आईपीसी 498ए, 323 के तहत केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।