ऊना थाना के तहत शातिर झलेड़ा से व्यापारी की कार ले उड़े। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार झलेड़ा निवासी सुरेश कौशल करियाना की दुकान चलाता है। मंगलवार रात को उसने अपनी वैगनआर कार घर के बाहर खड़ा किया, लेकिन जब वह सुबह उठा तो घर के बाहर से कार गायब थी।
उक्त व्यक्ति ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। चोरी की घटना का पता लगाने के लिए पुलिस ने क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज भी खंगाला है। अभी तक कार का कोई सुराग नहीं लग पाया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौर हो कि जिला में चोरी की वारदातों में वृद्धि हो रही है, जिससे लोगों में दहशत बनी हुई है। हाल ही में सैनिक कैंटीन के बाहर खड़ी एक बाईक पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया था। इससे पहले भी शहर से कारें चोरी होने के मामले सामने आए हैं। उसके बाद पुलिस ने गश्त भी बढ़ाया, लेकिन यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है।