क्षेत्र के चुरुडू में एक तेजरफ्तार कार की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान कमला (50) पत्नी मदन लाल निवासी दतवार, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है। जबकि, मामले को लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कमला देवी बुधवार दोपहर चुरुडू स्थित एक ढाबे से खाना खाकर बाहर निकली कि इतने में देहरा से बद्दी जा रही तेजरफ्तार कार ने महिला को टक्कर मार दी। इससे महिला बुरी तरह लहूलुहान हो गई और कुछ ही देर बाद मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया। एसपी अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।