गगरेट के एक उद्योग में कार्यरत 36 वर्षीय युवक की दम घुटने से मौत हो गई। युवक औद्योगिक क्षेत्र के समीप ही किराए के कमरे में रह रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मूलरूप से कांगड़ा जिला के उपमंडल पालमपुर के दुनई गांव का निवासी 36 वर्षीय सुशील कुमार पुत्र जमीत सिंह पिछले कुछ समय से औद्योगिक क्षेत्र गगरेट के एक उद्योग में कार्यरत था। शिवबाड़ी के समीप एक किराए के मकान में कमरा लेकर रह रहा था। सुशील कुमार के साथ रहने वाले कांगड़ा के अजय कुमार के अनुसार सुशील अक्सर देरी से आता था। वीरवार रात भी उसके आने से पहले ही वह खाना खाकर सो गया था। शुक्रवार सुबह जब वह उठा तो सुशील कुमार के कमरे के बाहर उसने कालिख देखी। उसने सुशील कुमार का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर वह एक व्यक्ति को बुलाकर लाया। काफी देर खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने दरवाजे की कुंडी तोड़ दी।
अंदर कमरे के फर्श पर सुशील कुमार मृत पड़ा था और कमरे में रखा लकड़ी का मेज और हीटर पूरी तरह से जला हुआ था। इसकी जानकारी गगरेट पुलिस को दी गई। एसएचओ हाशिम अली घटनास्थल पर पहुंचे और कमरे का मुआयना लिया।
माना जा रहा है कि सुशील कुमार खाना बनाने के बाद हीटर बंद करना भूल गया और हीटर की तपिश से लकड़ी के मेज ने आग पकड़ ली और कमरा धुएं से भर जाने के कारण सुशील कुमार की दम घुटने से मौत हो गई। डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर फॉरेंसिक विशेषज्ञों से कमरे का मुआयना करवाया है। प्रथम दृष्टया यह दम घुटने से मौत का मामला लग रहा है।