स्थानीय बस अड्डे के पास दिन-दिहाड़े हजारों रुपये की नकदी से भरा बैग लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक सवार शातिर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए है। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला शुक्रवार दोपहर का है। दिन-दिहाड़े हुई वारदात से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है और वह शिकायत को वैरिफाई कर रही है। बताया जा रहा बैग में लगभग 50 हजार रुपये की नकदी सहित अन्य जरूरी सामान था।
लूट की वारदात के बाद पुलिस ने मुख्य चौक पर सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि वारदात को अंजाम देने वालों के संदर्भ में सुराग मिल सके।
जानकारी के अनुसार रमेश कुमार निवासी रक्कड़ ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि वह दोपहर बाद पीएनबी बैंक से नकदी निकालकर स्कूटी से घर जा रहा था। इसी दौरान वह रास्ते में मोबाइल पर कॉल सुनने के लिए रुका और नकदी से भरा बैग उसने स्कूटी पर रख दिया।
वह फोन सुन ही रहा था, कि बाइक पर उसका पीछा कर रहे दो अज्ञात शातिर स्कूटी पर रखे बैग को उठाकर मौके से फरार हो गए। जब तक उसे बैग चोरी होने की भनक लगी, तब तक शातिर काफी दूर निकल चुके थे। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस थाना ऊना में दर्ज करवाई।
एएसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।