जिला मुख्यालय के निकटवर्ती क्षेत्र रक्कड़ कॉलोनी स्थित पीएनबी बैंक की शाखा में शुक्रवार देर रात एक शातिर ने सेंध मारी कर डाली। चोर बैंक की पिछली दीवार में लगी खिड़की के ग्रिल को तोड़कर अंदर घुसा। उसने जैसे ही इलेक्ट्रॉनिक कटर से बैंक की चेस्ट को काटने का प्रयास किया, बैंक में लगा अलार्म बज गया। इससे शातिर घबरा कर मौके पर ही टेबल के नीचे छिप गया।
हालांकि, अभी तक यह खुलासा नहीं हो पाया है कि इस वारदात को अंजाम देने वाला शातिर अकेला था या कोई और भी उसके साथ हैं। मौके पर सिक्योरिटी सिस्टम के माध्यम से बैंक मैनेजर को मेसेज चला गया। इसके बाद जल्द पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही डीएसपी कुलविंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने शातिर को बैंक के अंदर ही दबोच लिया। शातिर युवक की पहचान अमरजीत (37) निवासी पंजेटा, थाना पनेड़ी जिला पटियाला के रूप में हुई है।
पुलिस ने युवक से एक बाइक, एक इलेक्ट्रॉनिक कटर और अन्य सामान को कब्जे में लिया है। युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अमरजीत शुक्रवार देर रात रक्कड़ कॉलोनी स्थित पीएनबी बैंक के पास पंजाब नंबर की बाइक में सवार होकर पहुंचा।
लगभग डेढ़ बजे आरोपी बैंक की पिछली खिड़की की ग्रिल तोड़ अंदर घुस गया। अलार्म बजने की सूचना मिलते ही बैंक कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक को खोला। बैंक के अंदर तलाशी लेने पर पाया कि शातिर एक केबिन में टेबल के नीचे छुपा बैठा था। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही दबोच दिया। आरोपी से पूछताछ जारी है।
डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अलार्म की सूचना मिलते ही बैंक में पहुंच कर शातिर को दबोच लिया गया। उन्होंने बताया कि वारदात में और कौन शामिल है, इसकी जांच की जा रही है।