ऊना। जिला के एक गांव की मानसिक रूप से विक्षिप्त 40 वर्षीय महिला से दुराचार करने के आरोपी किशोर को पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा है। मेडिकल करवाने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं, पुलिस ने आरोपी के पिता से भी पूछताछ की है।
जानकारी के अनुसार, गांव का एक नाबालिग अपने पड़ोस में रहने वाली मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के साथ उसी के कमरे में घुस गया। जहां नाबालिग ने महिला के साथ दुराचार किया। इसी दौरान महिला की भाभी ने दरवाजा खटखटाया। महिला ने जैसे ही दरवाजा खोला तो कमरे में मौजूद किशोर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पीड़ित महिला ने पूरी आपबीती भाभी को बताई। इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिला सहित परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को घर से ही दबोच लिया। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि की है।