ऊना। क्षेत्र के धुसाड़ा में एक साथ तीन कारों में टकराने से करीब सात लोग बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें फौरन उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। जहां घायलों का चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटना में तीन कारों के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार शनिवार दोपहर अंब की ओर से आ रही एक कार ने विपरीत दिशा से आ रही कार को टक्कर मार दी। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य गाड़ी भी कारों से टकरा गई। इससे तीनों कारों में सवार करीब सात लोग घायल हो गए। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने वाहनों से घायलों को बाहर निकाला और फौरन अस्पताल पहुंचाया। घटना के दौरान हाइवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति पैदा हो गई। दुर्घटना में तीन कारें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं।
डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों का ऊना अस्पताल में उपचार चल रहा है।