पंजावर (ऊना)। क्षेत्र के पंजावर में अज्ञात बाइक सवार युवक दुकानदार से करीब 25 हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए। फरार शातिरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। वारदात के बाद से लोगों में दहशत है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पंजावर में वीरवार दोपहर बिना नंबर की एक बाइक पर सवार दो युवक दुकानदार जगदेव सिंह के पास सामान की खरीदारी करने के बहाने आए। युवकों ने दुकानदार को 500 रुपये का नोट दिया और ठंडे की बोतल मांगी। दुकानदार ने ठंडे की बोतल दे दी। जब दुकानदार बचे पैसे वापस करने लगा तो दुकानदार के कैश काउंटर पर रखे पैसों पर युवकों की नजर पड़ी। युवकों ने तुरंत छीनाझपटी करते हुए दुकानदार से सारा कैश छीन लिया और गगरेट की तरफ फरार हो गए। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने भी बाइक सवार युवकों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वे कामयाब नहीं रहे।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। वारदात के बाद जगह-जगह पर नाकेबंदी कर दी गई है। इस बारे में डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी।