अमर उजाला ब्यूरो
हरोली/टाहलीवाल (ऊना)। हरोली उपमंडल के कांगड़ में दस वर्षीय बच्चे की मौत का मामला गरमा गया है। वीरवार को बच्चे के ननिहालवालों ने टाहलीवाल के मुख्य मार्ग पर चक्का जाम लगा डाला।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। लगभग दो घंटे चले धरना प्रदर्शन के दौरान मुख्य चौक पर आवाजाही ठप हो गई। गाड़ियों और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान उसकी माता और मामा समेत ननिहाल पक्ष के तमाम लोग भी सड़क पर बैठे रहे। काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस और एसडीएम हरोली मौके पर पहुंच प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिला कर जाम खुलवाया।
प्रदर्शन के दौरान मृतक बच्चे की मां ममता देवी, बट्ट कलां पंचायत की प्रधान उर्मिला देवी, चन्नण सिंह, जोगिंद्र सिंह, राम लाल, नरेंद्र सिंह, मीनू राणा, चरणो देवी, मदन लाल, सोहन एवं तरसेम सहित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 10 साल के बच्चे को उसके सौतेले पिता ने मौत के घाट उतारा है। इसके चलते पुलिस को उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर फौरन गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने पुलिस पर भी मामले में उचित कार्रवाई न करने के आरोप जड़े। लोगों ने कहा कि पुलिस दबाव में आकर आरोपी को बचाने के प्रयास में जुटी है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। बाद में हरोली के एसएचओ रमन चौधरी, एसडीएम गौरव चौधरी मौके पर पहुंचे। लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। एसएचओ हरोली रमन चौधरी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हर पहलू की बारीकी से छानबीन की जा रही है।
यह है मामला
बुधवार को कांगड़ स्थित अपने ही घर के एक कमरे में 10 साल का जश्न मृत मिला था। कमरे में टीवी देख रहे जश्न को उसकी माता ममता देवी ने आवाज लगाई। लेकिन जश्न के जवाब न देने पर उसने कमरे में जाकर उसे देखना चाहा तो कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ने पर बच्चा अंदर मृत मिला। उसके गले में प्लास्टिक की स्ट्रिप लिपटी थी। जश्न की मां ममता देवी ने पति पर बेटे की हत्या करने के संगीन आरोप लगाए थे। इसके बाद मामले को लेकर बच्चे के ननिहाल पक्ष के लोगों ने बुधवार देरशाम हरोली थाने में भी धरना प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने लोगों को उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है। इसके बाद एसपी ऊना दिवाकर शर्मा ने भी मौके का दौरा कर घटना का जायजा लिया था, जबकि फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए थे।