अमर उजाला ब्यूरो
बंगाणा(ऊना)। उपमंडल बंगाणा के खुरवाई स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में शातिरों ने सेंधमारी कर डाली। शातिर बैंक की पिछली दीवार तोड़कर बैंक के अंदर घुसे। शातिरों ने बैंक में रखे कंप्यूटर से भी तोड़फोड़ की लेकिन कोई भी सामान ले जाने में कामयाब नहीं हुए। शातिरों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की तारें तोड़ी और इसके बाद काफी तोड़फोड़ की। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक पीएनबी बैंक खुरवाई के कर्मचारी ने सोमवार सुबह जब बैंक खोला तो देखा कि अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है। देखने पर पाया गया कि पिछले दीवार से चोर सेंध लगाकर बैंक के अंदर घुसे। बैंक प्रबंधक बीएल पाव ने बताया कि चोरों ने बैंक के अंदर कैश ढूंढने के चक्कर में बैंक में रखे रिकार्ड एवं अन्य सामान को इधर-उधर बिखेर दिया और कंप्यूटर से भी तोड़फोड़ की। हालांकि चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा और उन्हें खाली हाथ बैंक से बाहर जाना पड़ा। बैंक प्रबंधक ने घटना की सूचना बंगाणा थाने को दी। बंगाणा के थाना प्रभारी कमल नयन शर्मा ने पुलिस टीम के साथ बैंक में जाकर मौके पर सारी घटना का जायजा लिया। थाना प्रभारी कमल नयन शर्मा ने बताया कि बैंक प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।