ऊना में एक ऑटो में जा रही महिला के पर्स से 50 हजार रुपये और कीमती सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने साथ सफर कर रही तीन महिलाओं पर संदेह जताया है।
महिला के शोर मचाने पर मौके पर इकट्ठे हुए लोगों ने आरोपी महिलाओं से पूछताछ की। अभी तक महिला के चोरी हुए पैसे नहीं मिल पाए हैं।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी पिंकी अरोड़ा ऊना अपने मायके आई हुई है। सोमवार को वह किसी काम से पुराना बस अड्डा के पास गई हुई थी।
पुराना अड्डा से वापस नया बस अड्डा जाने के लिए वह एक ऑटो में बैठ गई। तीन अन्य महिलाएं भी उसके साथ ऑटो में बैठी। बस स्टैंड पहुंचने पर जब महिला ने देखा तो उसका बैग खुला था और उसमें से नकदी और कार्ड व छोटा पर्स गायब था।
इसी दौरान आरोपी महिलाएं ऑटो में से निकल कर मैहतपुर जाने वाली बस में सवार हो गईं। महिला ने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा कर लिया और बस में सवार तीनों महिलाओं को नीचे उतार कर पुलिस को मामले की सूचना दे दी। बताया जा रहा है कि उक्त आरोपी महिलाओं की दो अन्य साथी पहले से ही बस अड्डे में मौजूद थीं। जो अभी तक फरार चल रही हैं।
महिलाओं की तलाशी लेने पर उनके पास से मिले एक पर्स में कई एटीएम कार्ड और एक कांगड़ा निवासी व्यक्ति का आधार कार्ड बरामद हुआ है। महिला के चोरी हुए पैसे और सामान बरामद नहीं हुआ है। एसएचओ शेर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी महिलाओं से पूछताछ शुरू कर दी है।