अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिले में बुलेट बाइक से पटाखा बजाने वालों की अब खैर नहीं। यदि कोई बाइक में पटाखे बजाते मिला तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा के निर्देश के बाद 19 मई से ऊना पुलिस इस अभियान पर काम करेगी।
100 दिन तक चलने वाले अभियान के तहत बाइक में पटाखा बजाने वाले चालकों पर शिकंजा कसा जाएगा। बुधवार को एसपी ऊना को मिली शिकायत के बाद पुलिस ने एक बुलेट का पटाखे बजाने पर चालान कटा। एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि काफी समय से जिले में मोटर बाइक पर पटाखे बजाने की शिकायत मिल रही है। इसको लेकर पुलिस 100 दिन अभियान चलाएगी। 19 मई से शुरू होने वाले अभियान के तहत पटाखे बजाने वाले बाइक पर नजर रखेगी।
उन्होंने बताया कि अभियान शुरू करने के लिए अभी करीब डेढ़ माह का समय है, ऐसे में सभी पटाखे बजाने वाले चालक सतर्क हो जाएं अन्यथा इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेषकर ऊना पंजीकरण संख्या और इस जिले से संबंधित बाइक चालकों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिलावासियों से भी इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर कोई चालक बाइक में बुलेट बजाता दिखता है, तो उस बाइक का नंबर और फोटो पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर भेज सकते हैं। उन्होंने सभी से इस मुहिम में सहयोग की अपील की है।