गगरेट (ऊना)। शिवबाड़ी के घने जंगल में पेड़ पर युवक का शव लटका मिला। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मंजीत सिंह पुत्र जसपाल निवासी मजीठा रोड अमृतसर पंजाब के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके का जायजा लेकर घटना स्थल से शराब की खाली बोतल, एक गिलास और कोक की एक खाली बोतल भी बरामद की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को अस्पताल भेज दिया है। यह हत्या या आत्महत्या है इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। डीएसपी मनोज जंबाल ने पुलिस टीम के साथ मौके पर छानबीन की।
पुलिस के अनुसार रविवार देर शाम शिवबाड़ी के जंगल में कुछ लोगों ने युवक के शव को पेड़ से लटके हुए देखा। इससे उनके होश उड़ गए। युवकों ने इस मामले की सूचना प्रधान को दी। प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। भयंकर गर्मी के चलते शव में बदबू आनी शुरू हो गई थी। मृतक की जेब से पुलिस का पैन कार्ड मिला है। इसके अनुसार मृतक की पहचान मंजीत सिंह पुत्र जसपाल निवासी मजीठा रोड अमृतसर पंजाब के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस ने इस बाबत सूचना मृतक के परिवार को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। इस बारे में डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने कहा कि सभी पहलुओं से मामले की छानबीन की जाएगी।