ऊना/संतोषगढ़ (ऊना)। रायपुर सहोड़ां के युवक सुमित की संदिग्ध मौत मामले में लोगों का आक्रोश गहराता जा रहा है। लोगों ने सोमवार देर शाम संतोषगढ़ में कैंडल मार्च निकाला। लोगों ने ..सुमित हम शर्मिंदा हैं तेरे कातिल जिंदा हैं बैनर तले प्रदर्शन किया गया।
कैंडल मार्च में नगर परिषद संतोषगढ़ के उपप्रधान गुरदेव सिंह, नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रधान मुकेश पुरी, चरण सिंह सैणी, पूर्व पार्षद दलीप डोजी, पार्षद रवि कांत बस्सी सहित दर्जनों लोगों ने कैंडल मार्च में भाग लिया। गौरतलब है कि 24 सितंबर को सुमित की गायब होने के बाद उसकी बाइक, मोबाइल और चप्पल कोटला कलां में मिली थी। जबकि 12 अक्तूबर को एक पेड़ पर सुमित का शव लटका मिला था। इसके बाद से मामले ने तूल पकड़ लिया है। शव मिलने के डेढ़ सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।
इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक सुमित के कातिलों तक नहीं पहुंच पाई है। हालांकि पुलिस सुमित सहोड़ की हत्या मामले में हरके एंगल से बारीकी से जांच कर रही है। इसके अलावा जिला पुलिस ने पुख्ता सूचना देने वाले को 50 हजार का इनाम देने का ऐलान भी किया है।
पार्षद रविकांत बस्सी ने सुमित सहोड़ की मौत के मामले में पुलिस प्रशासन और सरकार से कातिलों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की। सुमित के भाई ने कहा कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी सुमित के कातिल खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस से छानबीन नहीं हो रही तो पुलिस सुमित का केस सीबीआई को सौंप दे।
एसपी ने टीम के साथ जांचे धुंदला के ट्यूवबेल
पुलिस ने मंगलवार को रायपुर सहोड़ां के सुमित की संदिग्ध मौत मामले में धुंदला गांव में लोगों से पूछताछ की। गौरतलब है कि धुंधला में सुमित के ननिहाल हैं। पुलिस की टीम ने गांव के ट्यूबवेलों सहित खेतों में जाकर जायजा लिया। सूत्रों के अनुसार मंगलवार को एसपी दिवाकर शर्मा, एएसपी विनोद धीमान तथा डीएसपी अशोक वर्मा ने धुंदला गांव के खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी दिवाकर शर्मा ने गांव सुमित की संदिग्ध मौत मामले को लेकर लोगों से पूछताछ भी की। एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस मामले को लेकर हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि अगर किसी को मामले से जुड़ी कोई सूचना मिलती है तो वह सूचना फोन पर पुलिस को दे सकता है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले नाम गुप्त रखा जाएगा।