लोहे के एंगल से महिला का फोड़ डाला सिर
भूमि विवाद पर दोनों में पक्षों में विवाद, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के मवा कोहला गांव में भूमि विवाद के चलते शनिवार को एक व्यक्ति ने अधेड़ महिला का सिर फोड़ने का मामला सामने आया है। इससे महिला के सिर पर आधा दर्जन टांके लगे हैं। घायल की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घायल महिला का स्थानीय एफआरयू अस्तपताल में मेडिकल करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार दो रोज पहले पीड़ित महिला रामप्यारी अपने पति को दवाई लेने के लिए जालंधर गई थी, जब वापिस आई तो देखा कि घर के पीछे तारबंदी के लिए लगाई गए लोहे के एंगल को उनके पड़ोसी ने उखाड़ दिया था। रामप्यारी ने बताया कि जब शनिवार सुबह एंगल को पूर्ववत जगह लगवाने लगे तो आरोपी व्यक्ति वहां आ धमका और उनसे बहस करने लगा। इस दौरान तैश में आकर आरोपी ने लोहे का एंगल उनसे छीनकर उनके सिर पर मार दिया। जिससे उसके सिर से खून बहने लगा और वो वहीं गिर गई।
पीड़िता के घायल होने पर परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर आए और पीड़िता की बहू ने पुलिस चौकी में इसकी शिकायत की। हेड कांस्टेबल पुष्पिंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान कलमबद्ध किए। पुलिस चौकी के कार्यकारी इंचार्ज पुष्पिंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 354, 447, 506, 34 और 303 के तहत मामला दर्ज करके आगामी करवाई शुरू कर दी है।