अमर उजाला ब्यूरो
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के घुघन गांव में शादी समारोह के दौरान युवकों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों में मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए। इस दौरान एक युवक ने दूसरे युवक के सिर पर बोतल मार कर उसे लहूलुहान कर दिया।
घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शादी में मारपीट की वारदात से बारातियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घुघन गांव में शादी में उस समय खलल पड़ गया जब नशे में एक युवक ने दूसरे के सिर पर शराब की बोतल दे मारी। इससे युवक मौके पर ही लहूलुहान हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
थाना बंगाणा कमलनैन शर्मा ने बताया कि घुघन निवासी मनीष कुमार पुत्र राकेश कुमार ने गांव में ही शादी समारोह के दौरान अजय कुमार पुत्र मदन लाल पर शराब की बोतल से अज्ञात कारण को लेकर प्रहार कर दिया। इससे अजय कुमार घायल हो गए। घायल का मेडिकल करवाकर और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।