पुराने बस स्टैंड पर दो गुटों में मारपीट
महिला ने चेन और बालियां छीनने का लगाया आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
डीएसपी कुलविंद्र ने मौके पर पहुंच लिया जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
पुलिस थाना ऊना के तहत पुराने बस स्टैंड के समीप दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के साथ-साथ जमकर हंगामा भी हुआ। यहां एक स्थानीय महिला ने एक शराब ठेकेदार पर सोने की चेन और बालियां छीनने के आरोप लगाए। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने बताया कि उक्त शराब कारोबारी ने अपने कारिंदों के साथ उसके घर में घुसकर मारपीट की। इसी मारपीट में आरोपी ने उसकी सोने की चेन और बालियां भी छीन लीं। शराब कारोबारी ने महिला के आरोपों को सरासर नकारा है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। मारपीट की घटना के चलते देर रात जाम की स्थिति भी बनी रही। लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी कुलविंद्र ने भी मौके का जायजा लिया। डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।