मैहतपुर (ऊना)। स्कूल बसों में ओवरलोडिंग की शिकायतों पर पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र चौक, जखेड़ा-बनगढ़ संपर्क मार्ग पर बसों की चेकिंग की।
इनमें तय सीटों से ज्यादा स्कूली बच्चों को बिठाया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस टीम ने पाया कि स्कूल बसों में छात्रों को बैठने तक की जगह नहीं थी। उन्हें खड़े-खड़े ही सफर करना पड़ रहा है। चेंकिग के दौरान यातायात पुलिस ने ओवर लोडिंग के चलते दो स्कूल बसों के चालान काटे और भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत भी दी। इस दौरान दोपहिया वाहनों की भी चेकिंग की गई। एक 13 वर्षीय दोपहिया वाहन चालक का चालान काटा। कुछ दोपहिया वाहन चालकों को ट्रिपल राइडिंग तथा बिना हेल्मेट के चालान काटे गए और भविष्य में यातायात नियमों की पालना को सख्त निर्देश दिए।
इस बारे में यातायात प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि स्कूल बसों में बच्चों को ठूंस ठूंस कर ले जा रहे बस चालकों को सख्त हिदायतें जारी की गईं। टीम में उनके साथ आरक्षी नरेश कुमार, आरक्षी राजकुमार भी मौजूद रहे।