अमर उजाला ब्यूरो
जोल (ऊना)। निकटवर्ती चौकी मन्यार गांव में आपसी विवाद को लेकर दो गुटों में मारपीट हो गई। मारपीट में करीब आधा दर्जन लोगों ने एक युवक को पीट-पीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। वारदात में आरोपियों ने युवक पर जमकर लात-घूंसे बरसाए। मारपीट की वारदात से गांव के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अरुण कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी गांव चौकी मन्यार पुलिस चौकी जोल में शिकायत दर्ज करवाई है कि कुलदीप कुमार, शुभम शर्मा, संजीव कुमार, पवन कुमार सभी निवासी गांव चौकी मन्यार जिला ऊना ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इससे उसे चोटें आई हैं। घायल अरुण कुमार को मेडिकल और उपचार को अस्पताल पहुंचाया गया। डीएसपी अशोक वर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित अरुण कुमार की शिकायत के आधार पर आरोपी कुलदीप कुमार और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।