ऊना।
पुलिस थाना ऊना के तहत बहडाला गांव में पेट्रोल पंप के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
मृतक की पहचान सुमित कुमार (38) पुत्र मेहर चंद निवासी बडोह तहसील घनारी जिला ऊना जबकि घायल युवक अरविंद शारदा (24) निवासी गांव रायपुर बसदेहड़ा के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जंाच कर रही है। जानकारी के अनुसार सुमित गत देर रात्रि दोस्त अरविंद के साथ कार नंबर एचपी 20डी-9500 में सवार होकर मैहतपुर से ऊना की तरफ आ रहे था तो बहडाला के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार से डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे को देख स्थानीय लोगों का जमघट लग गया और लोगों ने कड़ी मश्क्कत के बाद दोनों लहूलुहान युवकों को बाहर निकाला तथा आपातकालीन 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। जहां पर तैनात चिकित्सक ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस अधीक्षक ऊना दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।