अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती जनकौर गांव में भीषण अग्निकांड से खेत पक कर तैयार लगभग 25 कनाल गेहूं की फसल जलकर स्वाह हो गई। आग से लगभग 60 क्विंटल गेहूं और तूड़ी आग की भेंट चढ़ गई।
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग में करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। खेतों में आग लगने के कारण बिजली की तारों में शॉट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार में शुक्रवार को दोपहर के समय खेतों में गेहूं की फसल को अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख खेतों में काम कर रहे किसानों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग धीरे आगे बढ़ती गई।
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और गेहूं की बाकी फसल को जलने से बचाया। पीड़ित रणजीत कुमार ने बताया कि जनकौर में उनके गेहूं के खेतों में आग से 25 कनाल फसल जलकर राख हो गई। रणजीत ने बताया कि आग लगने से करीब 60 क्विंटल गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसके अलावा तूड़ी भी जल गई। उन्होंने बताया कि खेतों में आग लगने से उन्हें करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। दमकल विभाग के अधिकारी नितिन धीमान ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया।