अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। शहर के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवक की मौत किन कारणों से हुई इसका पुख्ता खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। हालांकि आरंभिक जांच में युवक की मौत का कारण नशे की ओवर डोज बताया जा रहा है। पुलिस मामले को हर पहलू से जांच रही है। जानकारी के अनुसार रोहित ऊना शहर में ही कपड़े की दुकान करता था। शनिवार देर शाम अपनी दुकान के पास रोहित बेहोशी की हालत में मिला। जब स्थानीय लोगों ने उसे देखा तो अचेत अवस्था में उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज से हो सकती है। अभी तक मौत के पुख्ता कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। डीएसपी अशोक वर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकता है।