अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। उपमंडल बंगाणा के तहत पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों पर नाकेबंदी के दौरान तीन गाड़ियों से अवैध शराब की करीब 95 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस की अचानक कार्रवाई से क्षेत्र से नशा माफिया में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि लग्जरी गाड़ियों में गुप-चुप तरीके से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही थी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए क्यारियां, बौल और अमरोह में नाकेबंदी के दौरान स्कारपियों, इनोवा और एक ट्राले से अवैध शराब की पेटियां बरामद कीं। उपमंडल बंगाणा के बौल में पुलिस की टीम ने स्कारपियो से अवैध शराब की 24 पेटियां बरामद की हैं। आरोपी चालक की पहचान अर्जुन कुमार निवासी गांव बीजापुर तहसील अंब जिला ऊना के रूप में हुई है।
इसके अलावा पुलिस ने क्यारियां में भी गुप्त सूचना के आधार पर ट्राले से 45 पेटियां अवैध शराब बरामद की है। आरोपी ट्राला चालक की पहचान सुरेश कुमार निवासी कोटलां कलां ऊना के रूप में हुई है। बंगाणा पुलिस की टीम ने अमरोह में भी इनोवा से 26 पेटी अवैध देसी शराब बरामद की है। आरोपी चालक की पहचान मोहन लाल निवासी गांव चकडौआ तहसील बंगाणा जिला ऊना के रूप में हुई है।
डीएसपी अशोक वर्मा का कहना है कि पुलिस ने अवैध की खेप के साथ गाड़ियों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा माफिया पर सख्त कार्रवाई कर रही है। डीएसपी ने लोगों से अपील की कि अगर कहीं पर शराब का अवैध कारोबार चल रहा है तो मामले की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाएगा।