अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। देवी-देवताओं की पालकी उठाकर घूमने वाले चार लोगों ने आस्था के नाम पर एक परिवार को ठगी का शिकार बनाया है। मामले की भनक लगने पर लोगों ने इस बारे पुलिस को शिकायत सौंपी। इसके बाद चारों लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी में तबल किया। जिसके बाद ठगी के कई खुलासे हुए।
आरोपी लोग देवी की पालकी को कंधे पर उठाकर बीते दिनों वार्ड नंबर दो स्थित एक घर में पहुंचे। कथित भक्तों ने महिलाओं को अकेला देखकर डराना शुरू कर दिया। उन्होंने देवी का प्रकोप दिखाकर पैसे मांगना शुरू कर दिए। आरोपियों ने महिलाओं से 8 हजार रुपये हड़प लिए। इसके बाद इसकी सूचना परिवार के सदस्यों को दी गई, तब जाकर इन लोगों को ढूंढने का प्रयास हुआ। दो दिन बाद इन लोगों को मंगलवार सुबह दबोच लिया। इस पर खुलासा हुआ कि ये लोग बैजनाथ के रहने वाले हैं। इसमें कोई ड्राइवर का काम करता है तो कोई कुछ और काम।
वे अपने साथ एक देवरथनुमा पालकी में देवी की प्रतिमा को लेकर घूम रहे थे। जब ठगी के शिकार हुए लोगों ने इनसे पैसे वापस मांगे तो इन्होंने जवाब दिया कि उन्होंने पैसे अपने घर भेज दिए हैं। इस पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस चौकी में इन लोगों को तलब कर पूछताछ की गई। ठगी के शिकार परिवार को आठ हजार रुपये वापस दिलाए गए। इसके बाद एसपी कार्यालय में चारों लोगों को पेश किया गया। जहां उनका चालान किया गया और भविष्य में इस प्रकार की ठगी न करने की हिदायत नहीं दी गई। एएसपी विनोद कुमार ने कहा कि इस प्रकार की ठगी से लोगों को सावधान रहना चाहिए।