20.3
जिंदगी ताक पर रख उफनती स्वां में अठखेलियां
आपदा प्रबंधन के दावों की उड़ रहीं धज्जियां, बहकर आ रहीं लकड़ियां की जा रहीं एकत्रित
विवेक कुमार शर्मा
ऊना। बरसात की शुरूआत में ही ऊना की स्वां नदी में मौत का खेल खेला जा रहा है। स्वां नदी के किनारों पर बसे प्रवासी जिंदगी को ताक पर रख कर पानी के बीच उतरकर चूल्हा जलाने के लिए लकड़ियां इकट्ठी कर रहे हैं। स्वां नदी के पानी में बहकर आने वाली लकड़ियों को छोटे-छोटे बच्चे भी डुबकियां लगाकर निकाल रहे हैं जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। प्रशासन के आपदा प्रबंधों के दावों की ऊना में सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं लेकिन प्रशासन कुंभकर्णी नींद में है।
जिले में बहने वाली स्वां नदी में प्रवासी लोग अपनी जान हथेली पर रखकर चूल्हा जलाने का जुगाड़ कर रहे हैं। बुधवार रात से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते स्वां नदी अपने उफान पर हैं। उफनती नदी के बीच प्रवासी परिवारों के पुरुष, महिलाएं और बच्चे लकड़ियां इकट्ठा करते दिखे। अगर इसी बीच पानी का तेज बहाव आए तो बड़ा हादसा हो सकता है। पहले भी स्वां नदी में कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं जिसमें नदी में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया हो। दिनदहाड़े चल रहे मौत के खेल को रोकने वाला कोई नहीं है, प्रशासन के दावे केवल आपदा प्रबंधन की बैठकों तक सिमट कर रह गए है। अगर समय रहते प्रशासन ने मामले पर गंभीरता से विचार न किया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। बारिश के बावजूद प्रवासियों ने स्वां सहित अन्य खड्डों के किनारे अपना डेरा जमाया है। उपायुक्त ऊना राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। प्रवासियों को जागरूक किया गया है। यदि ऐसा होता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।