ऊना। स्थानीय बस अड्डे के नजदीक शराब ठेके पर ओवर स्टॉक की शिकायत पर पुलिस और आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने दबिश दी। अचानक दबिश से ठेका कर्मियों में हड़कंप मच गया। घंटों चली जांच पड़ताल के बाद भी पुलिस टीम को ठेके से कोई ओवर स्टॉक नहीं मिला। जांच के दौरान शराब कारोबारी एवं पुलिस के बीच हल्की बहसबाजी भी हुई।
शराब कारोबारी ने पुलिस पर रिश्वत मांगने और मांग पूरी न करने पर उन्हें तंग करने का आरोप लगाया है। एसपी ने शिकायत मिलने पर जांच करने का दावा किया है। जानकारी के मुताबिक आबकारी एवं कराधान विभाग को सिटी चौकी इंचार्ज ने शिकायत की थी कि बस अड्डा के समीप ठेके में ओवर स्टॉक है। शिकायत मिलने पर सोमवार रात को एक्साइज इंस्पेक्टर रणवीर ने ठेके पर दबिश दी।
स्टाफ की कमी होने के कारण स्टॉक की गिनती नहीं हो सकी। इसके बाद इंस्पेक्टर ने ठेका बंद करवा दिया और मंगलवार सुबह विभागीय टीम ठेके पर पहुंची और शराब की गिनती शुरू की। एक्साइज इंस्पेक्टर रणवीर राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर विभाग ने शराब ठेका पर स्टॉक की जांच की तो स्टॉक पूरा पाया गया है। इस बारे में पुलिस अधीक्षक ऊना दिवाकर शर्मा ने कहा कि शराब ठेका में ओवर स्टॉक होने की सूचना के बाद आबकारी विभाग को शिकायत सौंपी गई थी। जिस मामले में जांच की गई।