अंब (ऊना)। गगरेट के ओयल में पुलिस ने भैरा से चुराई कार बरामद की। पुलिस को कार से 13 हजार रुपये की नकली करंसी भी मिली है। कार में सवार दो आरोपी मौके से भाग गए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सोमवार रात मुबारिकपुर पेट्रोल पंप में दो हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया था। इसके एवज में उन्होंने पांच-पांच सौ रुपये के जाली नोट दिए थे। नोटों की पहचान होती देख वे गगरेट की तरफ भाग निकले। पुलिस को सूचना मिलने पर अंब पुलिस ने उनका पीछा किया तो पाया कि कार ओयल में लावारिस हालात में खड़ी थी।
इसके दरवाजे खुले हुए थे। जबकि आरोपी नदारद थे। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो पाया कि उसमें तेरह हजार रुपये के पांच-पांच सौ रुपये के जाली नोट थे।
पुलिस के अनुसार कार मालिक नरेश कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी भैरा ने सोमवार को पुलिस में सूचना दर्ज करवाई थी कि उसकी कार सीएच 1आर 2929 जिसे उसने लुधियाना निवासी व्यक्ति से दिसंबर 2017 में खरीदा था। वह रविवार रात को उसने घर के बाहर सड़क पर खड़ी की थी। जो अगले दिन सुबह वहां से गायब थी। अंब के थाना प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गंभीरता के साथ जांच कर रही है।