ऊना। प्रदेश भर में चोटी कटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब देवभूमि के ऊना जिला के समीपवर्ती गांव भड़ोलियां में एक छात्रा की चोटी कटने का मामला सामने आया है। हालांकि पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस के पास नहीं की है। लेकिन, चोटी कटने की खबर आग की तरफ फैल गई। इससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी अनुसार ऊना के समीपवर्ती गांव भड़ोलियां में एक स्कूली छात्रा रविवार रात को रोजाना की तरह अपने कमरे में सो गई। जब सुबह उठी तो उसने अपने सिर की चोटी से बाल कटे हुए पाए। इसके बारे में उसने अपने परिजनों को बताया। घटना का पता चलते ही परिजन व स्थानीय लोग दहशत में हैं। इससे पहले भी मलाहत गांव में एक प्रवासी महिला के बाल काटे जाने का मामला सामने आया था। अब स्कूली छात्रा के बाल कटने से क्षेत्र में सनसनी है। बाल काटने की वारदात को किसने अंजाम दिया है, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। देखते ही देखते बाल काटे जाने की खबर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई।
उधर, डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस के पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। अफवाहों में न आएं। यदि कोई ऐसी घटना घटित होती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने आह्वान किया है कि लोग अफवाहों को न फैलाएं और न ही इन्हें फैलने दें।