हरोली क्षेत्र के तहत पड़ते गांव रोड़ा के समीप शादी समारोह में खाना बना रहा एक हलवाई आग में बुरी तरह से झुलस गया। घायल को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक हरोली रोड़ा निवासी प्रभात सिंह (35) रविवार रात गांव में एक शादी समारोह में खाना तैयार कर रहा था कि इस दौरान हलवाई प्रभात तेल गर्म करने के लिए भट्ठी का इस्तेमाल करने लगा तो अचानक ही भट्ठी ने आग पकड़ ली, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और साथ में खड़े प्रभात को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में प्रभात बुरी तरह से झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से प्रभात को कड़ी मशक्कत के बाद आग के चंगुल से निकाला।
गंभीर हालत में पीड़ित को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में घायल का उपचार जारी है। पीड़ित का उपचार कर रहे डॉ. पीयूष नंदा ने बताया कि पीड़ित का उपचार चल रहा है। फिलहाल, पीड़ित की हालत खतरे से बाहर है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामले को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के बयान भी कलमबद्ध किए जा रहे हैं।