ऊना के बसाल में साइकिल की दुकान में भड़की अाग।
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र के निकटवर्ती गांव बसाल में भीषण अग्निकांड में एक साइकिल रिपेयर की दुकान जलकर राख हो गई। देर रात पेश आई घटना से लोगों में हड़कंप मच गया। घटना में पीड़ित दुकानदार को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। वहीं, पुलिस ने मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बसाल स्थित एक साइकिल रिपेयर की दुकान में अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते दुकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलनी शुरू हो गईं। इससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग ने सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित दुकानदार लस्करी राम निवासी नारी को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने बताया कि दुकान में काफी सामान था, जो आग में जलकर राख हो गया। उधर, एसपी अनुपम शर्मा का कहना है कि पुलिस ने दुकान में आग के मामले की छानबीन शुरू कर दी है।