ऊना। कंसल्टेंसी कंपनी के उपाध्यक्ष अनुराग सलवान के नेतृत्व में दल ने ऊना में निमार्णाधीन पीजीआई सैटेलाइट सेंटर साइट्स पर निरीक्षण किया।
सलवान ने बताया कि हाइट्स का पीजीआई के साथ 17 जून को अनुबंध हुआ है। इस पर 5 जुलाई से काम शुरू कर दिया है। संस्थान में निर्मित होने वाली सभी ढांचागत सुविधाओं को सुनियोजित और अत्याधुनिक ढंग से बनाया जाएगा। इसके लिए सर्वप्रथम निर्माण ढांचे के डिजाइन और आर्किटैक्चुअल के चुनाव के लिए टेंडर कर किए हैं। इनकी प्रेजेंटेशन 29 जुलाई से शुरू की जाएगी। अगस्त के पहले सप्ताह तक डिजाइन का चुनाव कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण को ईपीसी मोड पर करवाया जाएगा।
उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि पीजीआई सैटेलाइट अस्पताल जिला ऊना के लिए ही नहीं बल्कि साथ लगते जिलों के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण संस्थान है। इसे शीघ्र तैयार करने के लिए पीजीआई द्वारा हाइट्स कंसल्टेंसी संस्था के साथ इकरार किया गया है। इसके पर प्राथमिकता के आधार पर तत्परता से कार्य किया जा रहा है। संस्था को छह माह के भीतर डिजाइन तैयार करने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि 450 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अस्पताल भवन में ढांचागत सुविधाओं के निर्माण पर लगभग 285 करोड़ रुपये व्यय किये जा रहे हैं। 120 करोड़ के अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किये जाएंगे। इसके अलावा 12.50 करोड़ रुपये बिजली-पानी इत्यादि सुविधाओं पर व्यय होंगे।