थानाकलां(ऊना)। बंगाणा तहसील के अंतर्गत बिहड़ू कलां में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन राजस्व सदन वर्षों बाद भी पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है। इससे अब सरकारी धन के सदुपयोग को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वर्ष 2019 में तत्कालीन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने इस भवन का शिलान्यास किया था। उस समय लोगों को उम्मीद थी कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह भवन राजस्व संबंधी कार्यों और जनसुविधाओं के लिए उपयोग में लाया जाएगा लेकिन आज भी भवन में खिड़कियां, दरवाजे नहीं लगे हैं और फर्श का काम अधूरा पड़ा है। ऐसे में बिहड़ू कलां का राजस्व सदन अब भी अपने शेष निर्माण कार्य पूरे होने की प्रतीक्षा कर रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व सदन के निर्माण कार्य की स्थिति की जांच की जाए और शेष कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो सके और लोगों को इसका लाभ मिल सके। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द बजट उपलब्ध करवाकर शेष कार्यों को पूरा करवाएगा, ताकि भवन का उपयोग शुरू हो सके और सरकारी धन का लाभ जनता तक पहुंच सके।
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पूर्व के नेताओं ने बजट का प्रावधान किए बिना कई कार्य शुरू करवाए और उन्हें अधूरा छोड़ दिया। अब इन अधूरे कार्यों को पूरा करवाने की जिम्मेदारी उन्हें निभानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों को पूरा करवाकर जनता को उनका लाभ दिलाना जरूरी है।
तहसीलदार बंगाणा अमित शर्मा ने बताया कि राजस्व सदन के अधूरे कार्यों को पूरा करवाने के लिए बजट उपलब्ध करवाने के संबंध में संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है। बजट का प्रावधान होने के बाद शेष निर्माण कार्य पूरा करवाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व सदन का मुख्य ढांचा तैयार होने के बावजूद इसका उपयोग शुरू नहीं हो पाया है। सरकारी धन खर्च होने के बाद भी भवन का इस्तेमाल न होना चिंता का विषय है। प्रशासन को भवन के शेष कार्यों को जल्द पूरा करवाकर इसे जनहित के उपयोग में लाया जाना चाहिए।
-विशाल भारती शर्मा, नायली
बिहड़ू कलां में राजस्व सदन का निर्माण कार्य पूरा न होने से इसका लाभ नहीं मिल रहा है। इससे विकास कार्यों को समय पर पूरा करवाने तथा आवश्यक बजट की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जरूरत महसूस की जा रही है।
-जगदीश सहोता, पंचायत समिति सदस्य बल्ह
-