ऊना। जिला कांग्रेस कमेटी ऊना एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ऊना के संयुक्त तत्वावधान में छात्रों की गूंज कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन एवं लोकतंत्र बचाओ मार्च निकाला। यह प्रदर्शन देशभर में नीट पेपर लीक एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं के विरोध तथा युवाओं के अधिकारों की रक्षा के समर्थन में आयोजित किया गया। रेस्ट हाउस ऊना से शहर में कांग्रेसियों ने रोष रैली निकालकर विरोध जताया।
जिला कांग्रेस कमेटी ऊना के अध्यक्ष देशराज गौतम ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं की आवाज बनकर नीट और अन्य भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। इसी क्रम में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों और कांग्रेस नेताओं पर जिस प्रकार पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया गया, वह लोकतंत्र की मूल भावना पर सीधा हमला है।
जिला कांग्रेस कमेटी ऊना ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि जिस सरकार में छात्रों पर लाठियां बरसाई जाएं और युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाया जाए, उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
इस विरोध प्रदर्शन में अभय रायजादा, रविन्द्र सहोड़, ओंकार कपिला, शिव कुमार सैनी, यशवंत राय, अश्विनी कुमार, कॉमरेड जगत राम, गगरेट ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र कंवर, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शोभित गौतम, युवा कांग्रेस के बलराम काका, जसप्रीत, रिप्पन सहोता, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष तिलकराज सैनी, दिलबाग ठाकुर, वरुण पुरी, तुषार सहोड़, मनिंदर सिंह, जश्नन द्विवेदी, रमनपरीत सिंह, राजिंदर जोशी, अनिल शर्मा गोल्डी सैनी, युवराज राणा सहित जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों ने भाग लिया।