ऊना में स्वच्छता अभियान के सफल आयोजन के लिए डीआरडीए सभागार में बैठक के दौरान एडीसी डा. अमित कुमार
- फोटो : Una
ऊना। आजादी के 75वें वर्ष चलो मनाएं स्वच्छता पर्व में जिले भर में स्वच्छता अभियान छेड़ा जाएगा। यह अभियान 9 से 15 अगस्त तक चलेगा। अभियान के सफल आयोजन के लिए शुक्रवार को डीआरडीए सभागार में बैठक की गई। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को स्वच्छ प्रहरी दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
इस दिन जिला मुख्यालय से विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता रथ भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त 10 अगस्त को स्वास्थ्य स्वच्छता और सामान्य स्वच्छता दिवस के तहत घास, झाड़ियों और प्लास्टिक कचरे की सफाई आदि का कार्य किया जाएगा, 11 अगस्त को स्वच्छ एवं पवित्र वातावरण के अंतर्गत नालों और जल-जमाव वाले क्षेत्रों की सफाई की जाएगी।
12 अगस्त को स्वच्छ पानी स्वच्छ समाज दिवस के तहत जल भंडारण टैंकों और अन्य सभी जल स्रोतों की सफाई, 13 अगस्त को सार्वजनिक स्थानों की सफाई, 14 अगस्त को संकल्प से श्रमदान दिवस के तहत कॉमन सर्विस सेंटर तथा स्कूल परिसर व कार्यालयों की सफाई की जाएगी। जबकि 15 अगस्त को व्यक्तिगत स्वच्छता वैश्विक स्वच्छता दिवस के रूप में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता सप्ताह के दौरान प्रत्येक दिन जिले के पांचों विकास खंडों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर एसडीएम बंगाणा विशाल शर्मा, पीओ डीआरडीए संजीव ठाकुर, बीडीओ ऊना, हरोली और गगरेट, हिमोत्कर्ष से कर्ण लाल और अद्वैता फाउंडेशन से मोनिका सिंह उपस्थित रहे।