ऊना। बारिश के बीच अब डंगोली वासियों को जलभराव की समस्या का संभावित खतरा नहीं डराएगा। गंदगी से अवरुद्ध नालों की सफाई के लिए लोक निर्माण विभाग आगे आया है। समस्या के संबंध में अमर उजाला में प्रकाशित समाचार के बाद रविवार को विभागीय कर्मचारी हरकत में आ गए हैं। इस बीच नालों की सफाई करने के लिए फील्ड कर्मी धरातल पर नालों की सफाई करते हुए दिखे।
इससे पहले पंचायत स्तर पर यहां कोई कदम इस दिशा में नहीं उठाए जा रहे थे, तो हमीरपुर-ऊना मुख्य मार्ग के किनारे नालों की सफाई के लिए लोक निर्माण विभाग भी सुध नहीं ले रहा था। यहां बरसात शुरू होते ही लोगों के घरों में जलभराव जैसी समस्या के उत्पन्न होने पर बीते रोज शनिवार तक स्थानीय लोगों ने इस समस्या के समाधान के लिए स्वयं भी सफाई का मोर्चा संभाला था। अब विभागीय कर्मचारी भी राहत कार्य के लिए नालों की सफाई में जुट गए हैं। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों में ज्योति कुमार शर्मा, जनक राज शर्मा, काका राम, रामपाल, भोला और ऋषि शर्मा का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के कर्मियों ने साफ-सफाई का जिम्मा संभाला है, अन्यथा बीते दिनों तक बरसात के इस सीजन की पहली ही बारिश के कारण ही उनके घरों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई। अब नालों के साफ होने से यहां पानी की निकासी अच्छे से होगी, वहीं जलभराव भी नहीं होगा। गंदे पानी की समय पर निकासी से बीमारियों का खतरा भी नहीं उपजेगा। संवाद