ऊना। शहर में सफाई कर्मचारियों को घर से कूड़ा न देने पर नगर परिषद ने 100 परिवारों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में परिवारों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई है। नगर परिषद ने डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन योजना को मजबूती प्रदान करने के लिए यह कदम उठाया है। शहर में कुछ माह पूर्व ही योजना को लागू किया है। इसके बावजूद शहर में अभी भी कुछ लोग सफाई कर्मचारियों को कूड़ा नहीं दे रहे हैं। इससे शहर में कई स्थानों पर गंदगी फैल रही है। शहर में अब गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर परिषद जुर्माना लगाने जा रही है।
नगर परिषद ऊना में 11 वार्ड हैं। इन सभी वार्डों में डोर टू डोर गारबेज उठाने की योजना लागू की है। इसके लिए विशेष वाहन भी खरीदे हैं, लेकिन कुछ जगहों पर लोगों की तरफ से सहयोग नहीं मिल रहा है। यह लोग नप कर्मचारी को कूड़ा नहीं दे रहे हैं। नप ने कुछ दिन पूर्व 40 दुकानदारों को भी डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन योजना में सहयोग न देने पर नोटिस जारी किए थे जिन पर वर्तमान समय में कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में नगर परिषद के सफाई निरीक्षक आशुतोष ने बताया कि करीब 100 परिवारों को डोर डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन योजना में सहयोग न करने पर नोटिस जारी किए गए हैं। इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।