थानाकलां (ऊना)। ऊना जिले में गर्मी और उमस को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा शिक्षण संस्थानों का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित किए जाने के बाद उपमंडल बंगाणा के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के सामने परिवहन की समस्या खड़ी होने की आशंका है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल समय के अनुसार पर्याप्त बस सेवा उपलब्ध नहीं होने से दूरदराज के गांवों से स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से बंगाणा उपमंडल के प्रमुख स्कूल रूटों की समीक्षा कर आवश्यक बस सेवाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है।
स्थानीय अभिभावकों में सुमेश, मुकेश, रमन, अंकुश, विमला देवी, सुरेश कमार, सत्या देवी सहित अन्य का कहना है कि बंगाणा उपमंडल के कई गांवों से काफी संख्या में विद्यार्थी निजी एवं सरकारी बसों के माध्यम से स्कूल पहुंचते हैं। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पहले ही बस सेवाएं सीमित हैं, ऐसे में स्कूलों के नए समय के अनुरूप बसों के संचालन में बदलाव नहीं किया गया तो विद्यार्थियों को समय पर स्कूल पहुंचने और छुट्टी के बाद घर लौटने में दिक्कत हो सकती है। उन्होंने एचआरटीसी और निजी बस संचालकों से भी स्कूलों की नई समयसारिणी के अनुसार बसों के रूट और समय में आवश्यक समायोजन करने की मांग की है।