बर्तन और अन्य घरेलू सामान भी ले गए चोर, मैहतपुर पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना )। मैहतपुर थाना के अंतर्गत निकटवर्ती गांव लमलेहड़ा में चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर घर से नकदी, आभूषण तथा पीतल का कीमती सामान चुरा लिया है। मैहतपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते दिन गांव लमलेहड़ा की एक महिला नरेश कुमारी पत्नी छज्जू राम ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने बेटे के पास अंबाला गई हुई थी। वहीं पर गांव के लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उनके घर में चोरों ने सेंधमारी कर सामान चुरा लिया है। नरेश कुमारी के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे जब घर पहुंची तो देखा कि घर के सभी ताले टूटे हुए थे, घर में रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी, पेटी तथा सभी जगह का सामान पूरी तरह से गायब था। वहीं, बुजुर्गों के समय का पीतल का कीमती सामान, जिनमें चार बल्टोही, दो बड़ी प्रात, 12 गिलास, पतीले, जग, गढ़बियां, दो हुक्के तथा सोने की पांच ग्राम की अंगूठी, नौ चांदी के सिक्के समेत करीब 9 हजार रुपये की नकदी चोर उड़ा ले गए हैं।
उधर, मैहतपुर पुलिस ने शिकायतकर्ता नरेश कुमारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने कहा कि चोरों की धड़पकड़ के लिए जांच की जा रही है।