लावारिस बैल को बचाते कार पलटी।
- फोटो : संवाद
ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर लावारिस पशु वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। सड़क पर अचानक सामने आ रहे पशुओं के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना हुआ है। रविवार देर रात भैरा के समीप एक लावारिस सांड को बचाने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों में से दो घायल हो गए। एक व्यक्ति का पैर टूट गया, जबकि दूसरे के दांत टूट गए। गनीमत रही कि तीसरे व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई और बड़ा जानी नुकसान टल गया। स्थानीय ग्रामीण राजेश कुमार से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 1:30 बजे एक कार ऊना से अंब की ओर जा रही थी। भैरा के पास अचानक एक आवारा सांड सड़क पर आ गया। चालक ने सांड को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे नाले में जा पलटी। हादसा इतना अचानक हुआ कि कार सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
ग्रामीणों ने की मदद
कार के नाले में गिरने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के घरों में सो रहे ग्रामीणों की नींद खुल गई। आधी रात होने के बावजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की सहायता से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रशासन पर सवाल और मांग
भैरा के पास हुआ यह हादसा एक बार फिर प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशुओं का खुलेआम घूमना वाहन चालकों के लिए किसी खतरे से कम नहीं है। स्थानीय गुरदयाल सिंह, श्याम सुंदर, जगदीप सिंह और प्रदीप कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने उनके लिए उचित व्यवस्था करने की भी अपील की ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।