प्रदेश सरकार पर युवाओं को रोजगार के नाम पर ठगने का आरोप
सरकार की जन विरोधी नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का लिया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। भाजपा युवा मोर्चा के चिंतपूर्णी अपर और लोअर मंडलों की एक संयुक्त परिचय बैठक रविवार को संपन्न हुई। युवा मोर्चा की नव नियुक्तियों के बाद यह पहली संयुक्त बैठक थी। जिसमें दोनों मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान मुख्य रूप से प्रदेश सरकार के कामकाज पर विस्तृत चर्चा की गई। युवा मोर्चा के नेताओं ने प्रदेश सरकार पर युवाओं को रोजगार के नाम पर ठगने का गंभीर आरोप लगाया। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सरकार की नाकामियों और जन विरोधी नीतियों को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। युवा मोर्चा सरकार की विफलताओं के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगा।
इस अवसर पर कई प्रमुख भाजपा नेता और युवा मोर्चा पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पूर्व विधायक बलबीर सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शंभू गोस्वामी, जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास और जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत राणा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। मंडल स्तर के पदाधिकारियों में अपर चिंतपूर्णी मंडल के अध्यक्ष कृपाल सिंह, लोअर मंडल के अध्यक्ष विनय शर्मा, अपर चिंतपूर्णी युवा मोर्चा अध्यक्ष साहिल शर्मा और लोअर चिंतपूर्णी मोर्चा अध्यक्ष हर्ष चौधरी के साथ युवा मोर्चा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।